केजरीवाल ने नशा तस्करों को भी पहना दी है पुलिसवर्दी - मनजिंदर सिंह सिरसा

केजरीवाल ने नशा तस्करों को भी पहना दी है पुलिसवर्दी - मनजिंदर सिंह सिरसा

नई दिल्ली, 9 मई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पंजाब को नशामुक्त करने की बातें करते रहे हैं लेकिन शायद वे भूल गए हैं कि उन्होंने चुनावों से पहले कहा था कि सभी नशा तस्कर जेल के अंदर होंगे, लेकिन आज वही नशा तस्कर पुलिसवर्दी पहनकर लोगों को गिरफ्तार करने जा रहे हैं। श्री सिरसा ने कुलजिंदर सिंह नाम के एक शख्स की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि ये पंजाब का वही पुलिसकर्मी हैं जिसे 21 अप्रैल 2015 को बर्खास्त किया गया था, आज उसका नाम बदलकर के एस संधू कर दिया गया है। जब एक पुलिसकर्मी बर्खास्त हो गया तो फिर उसे पदोन्नति देकर नौकरी पर वापस कैसे लाया गया।  

श्री सिरसा ने आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कुलजिंदर सिंह को खुद पंजाब सरकार ने भाजपा नेता सरदार तजिंदर पाल सिंह बग्गा को गिरफ्तार करने के लिए भेजा था। कुलजिंदर सिंह को भोला ड्रग केस के मुख्य आरोपी सर्बजीत सिंह के कहने पर मोहाली का डीएसपी डिटेक्टिव लगाया गया। सर्बजीत भी बर्खास्त पुलिस कर्मी है। जो कई राज्यों में मोस्ट वांटेड है। इस वक्त वह पंजाब की जेल में है और उसके खिलाफ आधा दर्जन ड्रग स्मगलिंग के केस चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सर्बजीत ने तत्कालीन डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय के साथ हुई बातचीत की लीक ऑडियो में दावा किया था कि उसे कुलजिंदर पर पूरा भरोसा है। वह कोई भी अवैध ऑपरेशन को अंजाम दे सकता है। प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष श्री राजन तिवारी और प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख श्री हरिहर रघुवंशी उपस्थित थे।