लिज ट्रस बनेगी ब्रिटेन की तीसरी महिला PM | क्वीन एलिजाबेथ अपने कार्यकाल में 15वें PM को शपथ दिलाएंगी

लिज ट्रस बनेगी ब्रिटेन की तीसरी महिला PM | क्वीन एलिजाबेथ अपने कार्यकाल में 15वें PM को शपथ दिलाएंगी

London: 47 साल की लिज ट्रस ब्रिटेन की नई प्रधानमंत्री होंगी। उन्होंने भारतीय मूल के ऋषि सुनक को हरा दिया। दक्षिणपंथी लिज बोरिस जॉनसन की जगह लेंगी। लिज को ब्रिटेन की सियासत में फायरब्रांड नेता के तौर पर जाना जाता है। जीत का ऐलान होने के बाद लिज ने सुनक के बारे में कहा- मैं खुशकिस्मत हूं कि मेरी पार्टी में इतनी गहरी समझ वाले नेता हैं। परिवार और दोस्तों का भी शुक्रिया।

लिज तीसरी महिला प्रधानमंत्री होंगी। उनके पहले मार्गरेट थैचर और थेरेसा मे इस पद पर रह चुकी हैं। लिज मार्गरेट थैचर को अपना आदर्श मानती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिज को जीत पर बधाई दी। कहा- भरोसा है कि आपकी लीडरशिप में भारत-ब्रिटेन के रिश्ते मजबूत होंगे। दोनों देशों के बीच स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप होगी। नई रोल और जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं।

किसको कितने वोट मिले

लिज ट्रस : 81,326

ऋषि सुनक : 60,399

कुल वोट थे : 172,437

कुल वोटिंग : 82.6%

वोट रिजेक्ट हुए : 654

मीडिया और सर्वे में लिज की बहुत बड़ी जीत की भविष्यवाणी हो रही थी। नतीजे आए तो तस्वीर दूसरी नजर आई। 2001 के बाद लिज पहली ऐसी ब्रिटिश PM इलेक्ट हैं जिन्हें 60% से कम वोट मिले। लिज के खाते में 57% पार्टी मेंबर्स के वोट आए। सुनक को 42.6% वोट हासिल हुए। 2019 में जब बोरिस जॉनसन प्रधानमंत्री बने तो उन्हें 66.4% वोट मिले थे। 2005 में डेविड कैमरून को 67.6% जबकि 2001 में डंकन स्मिथ को 60.7% वोट मिले थे। थेरेसा में को कभी मेंबरशिप बैलट यानी पार्टी सदस्यों के वोट की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि उनके खिलाफ चुनाव लड़ने वाली प्रत्याशी आंद्रिया लीडसॉम ने पहले राउंड के बाद हार मान ली थी।

लिज जब 7 साल की थीं, तब उन्होंने स्कूल के नाटक में पूर्व प्रधानमंत्री, अपनी आदर्श और आयरन लेडी मार्गरेट थैचर का रोल प्ले किया था। लिज के भाई ने एक इंटरव्यू में कहा था- उन्हें बचपन से ही हार से सख्त नफरत है। मुझे याद है कि बचपन में जब हम खेलते थे तो वो कहीं हार न जाएं, इसलिए खेल के बीच से ही भाग जाती थीं। हालांकि उम्र के साथ उन्होंने कमियों को दूर किया।

6 सितंबर यानी मंगलवार को जॉनसन PM हाउस 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बतौर प्रधानमंत्री आखिरी भाषण देंगे। इसके बाद महारानी को इस्तीफा सौंपने के लिए स्कॉटलैंड के एबरडीनशायर रवाना होंगे। फिलहाल, क्वीन एलिजाबेथ यहीं हैं। 96 साल की क्वीन को चलने में दिक्कत है, लिहाजा जॉनसन और लिज दोनों उनके पास जाएंगे। आमतौर पर यह काम बकिंघम पैलेस में किया जाता है।

जॉनसन जब क्वीन को इस्तीफा सौंप देंगे। इसके बाद लिज क्वीन से मिलेंगी। पारंपरिक रूप से इस मुलाकात को ‘किसिंग हैंड्स’ सेरेमनी कहा जाता है। हालांकि इस बार क्वीन की खराब सेहत को देखते हुए यह सेरेमनी सिम्बॉलिक यानी प्रतीकात्मक होगी। शपथ ग्रहण समारोह स्कॉटलैंड के बाल्मोरल कासल में होगा।

आधिकारिक नियुक्ति होते ही नई PM लिज वापस लंदन आएंगी। यहां 10 डाउनिंग स्ट्रीट से उनका पहला भाषण होगा।

लंदन के समय के मुताबिक शाम करीब 4 बजे भाषण देने के बाद प्रधानमंत्री लिज अपनी कैबिनेट की नियुक्ति करेंगीं। क्वीन मंत्रियों को जूम कॉल पर शपथ दिलाएंगी। उनके हेड ऑफ द डिपार्टमेंट मंत्रियों को ‘सील या मुहर’ सौंपने की रस्म पूरी करेंगे।

नई कैबिनेट की पहली बैठक बुधवार (7 सितंबर) को होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री लिज पहली बार सदन (हाउस ऑफ कॉमन्स) पहुंचेंगी।

सौजन्य : दैनिक भास्कर