समाज के सभी मेहनतकश एकजुट होकर श्रमिक विरोधी सरकार की वैश्वीकृत नव उदारवादी नई आर्थिक नीतियों का विरोध करें : रामइसरेश सिंह

समाज के सभी मेहनतकश एकजुट होकर श्रमिक विरोधी सरकार की वैश्वीकृत नव उदारवादी नई आर्थिक नीतियों का विरोध करें  : रामइसरेश सिंह

रिपोर्ट:अजय कुमार पाण्डेय : 

औरंगाबाद: ( बिहार ) बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ( गोप गुट ) जिलाध्यक्ष, रामइसरेश सिंह ने देव में देव प्रखंड सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज वक्त की जरूरत है कि हिंदुस्तान के सभी कर्मचारी और शिक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के सभी मेहनतकश तबके एकजुट होकर श्रमिक विरोधी सरकार की वैश्वीकृत नव उदारवादी नई आर्थिक नीतियों का विरोध करें, क्योंकि इस नीति का शिकार होकर आज समाज के सभी तबके बुरी तरह से शोषित - पीड़ित और प्रताड़ित हो रहे हैं। चाहे वह, कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों को गुलाम बनाने का प्रयास हो, या श्रम सुधार कानूनों के माध्यम से श्रमिक विरोधी कानूनों को लागू करने का प्रयास हो। 

श्रमिक विरोधी या किसान विरोधी सारे कानून उसी वैश्वीकृत नव - उदारवादी नई आर्थिक नीतियों के गर्भ से निकले हैं! जब तक सभी संवर्गों के राज्य - कर्मी एकजुट नहीं होंगे! तब तक उनका शोषण जारी ही रहेगा। आज संगठन को मजबूत न करने का ही परिणाम है कि सरकार बहुत सारे विभागों में कॉन्ट्रैक्ट पर बहालियां कर रही है, जिन्हे न तो नौकरी की सुरक्षा हासिल है, और न ही उचित वेतन भत्ते और सुविधाएं हासिल हैं। इसके अलावे उक्त कोटि के कर्मियों के ऊपर कार्य का असहनीय बोझ भी लाद दिया गया है, जिसके कारण उन्हें रात - दिन तनाव ग्रस्त रहते हुए सरकारी कार्यों में ही व्यस्त रहना पड़ता है। यह एक तरह की गुलामी जैसी स्थिति है, जिसे सभी कॉन्ट्रैक्ट कर्मी, दैनिक वेतन भोगी कर्मी,मौसमी कर्मी, मानदेय कर्मी,प्रोत्साहन भत्ता कर्मी इत्यादि अनियमित कर्मी भोग रहे हैं। 

कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ संगठन की जरूरत सिर्फ व्यक्तिगत पैरवी करवाने के लिए नहीं है, बल्कि इसकी मुख्य जरूरत सरकार पर दबाव डालकर शिक्षकों, कर्मचारियों के हित में नीतियां और नियम बनवाने तथा उन नियमों को लागू करवाने के लिए ही है। इस सम्मेलन में सर्वसम्मति से अगले सत्र के लिए देव प्रखंड की प्रखंड कमिटी का चुनाव किया! जिसमें पंचायत - सचिव, शैलेन्द्र कुमार सिंह को अध्यक्ष, कार्यपालक सहायक, धीरज कुमार सिंहको सचिव, जनसेवक, विनोद कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावे उपाध्यक्ष पद पर जयराम कुमार सिंह ( पी0एम0ए0वाई0जी0 ) पंचायत सेवक, अरविन्द कुमार को चुना गया, जबकि संयुक्त सचिव के पद पर भी0एल0डब्ल्यू0 रामालायक सिंह, कार्यपालक सहायक, सुजीत राज तथा भी0एल0डब्लयू0 कुमेर प्रसाद को चुना गया। 

अंत में एक तीन सूत्री संकल्प प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें यह संकल्प लिया गया कि महासंघ आगामी 12 जून को औरंगाबाद जिला सम्मेलन सफल बनाने हेतु तन - मन - धन से कार्य करने तथा महासंघ को इस प्रखंड में एक सशक्त संगठन बनाने हेतु सभी कोटि के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संगठित करते हुए महासंघ की देव प्रखंड-कमिटी को एक मॉडल प्रखंड बनाने का संकल्प भी लिया गया। साथ ही आगामी 12 जून 2022 को अन्दर देव प्रखण्ड में महासंघ का कम से कम 100 सदस्य बनाने का भी संकल्प लिया गया। जिसका प्रेस - विज्ञप्ति जारी किया गया!